इंटर-डीपीएस राष्ट्रीय टेबल टेनिस टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले, 10 अक्टूबर से शुरू होगी एकल स्पर्धा
संवाद न्यूज एजेंसी।
नोएडा। सेक्टर-122 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को इंटर-डीपीएस राष्ट्रीय टेबल टेनिस टूर्नामेंट की शुरूआत हुई। दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के 28 विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन टीम स्पर्धा में क्वार्टर फाइनल में जीत दर्ज कर डीपीएस फरीदाबाद, डीपीएस कानपुर, डीपीएस सूरत और डीपीएस गुरुग्राम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीपीएस सेक्टर-122 की प्रबंध समिति के अध्यक्ष बीके चतुर्वेदी ने किया। विशिष्ट अतिथि के डॉ. विभा चतुर्वेदी और दिल्ली पब्लिक स्कूल सोसाइटी की निदेशक डॉली चानना रहीं। विद्यालय की प्रधानाचार्या विभा सिंह ने खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने और नियमित अभ्यास से बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के पहले दिन टीम स्पर्धा में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। पहले दौर में डीपीएस विंध्यनगर ने मेजबान डीपीएस सेक्टर-122 को 3–1 से हराया। डीपीएस गुवाहाटी ने डीपीएस नोएडा, सेक्टर-30 को 3–1 से, डीपीएस बारा, कानपुर ने डीपीएस एनटीपीसी कोरबा को 3–0 से तथा डीपीएस रानीपुर, हरिद्वार ने डीपीएस ग्रेटर नोएडा को 3–2 से पराजित किया।
प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में डीपीएस फरीदाबाद, सेक्टर-19 ने 3–0 से जीत दर्ज की। डीपीएस वाराणसी ने डीपीएस गुवाहाटी को 3–1 से, डीपीएस सेक्टर-81, ग्रेटर फरीदाबाद ने डीपीएस बारा, कानपुर को 3–0 से तथा डीपीएस आज़ाद नगर, कानपुर ने डीपीएस रानीपुर, हरिद्वार को 3–0 से हराया। डीपीएस बोकारो स्टील सिटी ने डीपीएस बल्लभगढ़ को 3–0 से, डीपीएस सूरत ने डीपीएस पारादीप रिफाइनरी को 3–0 से, डीपीएस नाचाराम ने डीपीएस सेक्टर-98, ग्रेटर फरीदाबाद को 3–0 से और डीपीएस सेक्टर-45, गुरुग्राम ने डीपीएस झांसी को 3–0 से पराजित किया। क्वार्टर फाइनल में डीपीएस फरीदाबाद, सेक्टर-19 ने डीपीएस वाराणसी को 3–1 से, डीपीएस आज़ाद नगर, कानपुर ने डीपीएस सेक्टर-81, ग्रेटर फरीदाबाद को 3–1 से तथा डीपीएस सूरत ने डीपीएस बोकारो स्टील सिटी को 3–0 से हराया। एक कड़े मुकाबले में डीपीएस सेक्टर-45, गुरुग्राम ने डीपीएस नाचाराम को 3–2 से पराजित किया।