प्राधिकरण के पूर्व सीईओ के घर घरेलू सहायक ने साथियों के साथ की लाखों की चोरी
सेक्टर-39 में रहते हैं पूर्व सीईओ, पत्नी के साथ गए थे लखनऊ और घर में हो गई चोरी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-39 में रहने वाले नोएडा प्राधिकरण के पूर्व सीईओ देवदत्त शर्मा के घर नेपाल के रहने वाले घरेलू सहायक ने अपने साथियों के साथ लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के वक्त पूर्व सीईओ पत्नी के साथ लखनऊ गए थे। चालक की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस की दो टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी व नोएडा प्राधिकरण के पूर्व सीईओ देवदत्त शर्मा सेक्टर-39 के जी ब्लॉक में परिवार के साथ रहते हैं। पूर्व आईएएस के चालक छलेरा निवासी मनोज कुमार झा ने पुलिस से शिकायत की है कि देवदत्त शर्मा 27 सितंबर की सुबह साढ़े आठ बजे पत्नी के साथ लखनऊ गए थे। घर पर प्रकाश बहादुर नामक नेपाली युवक दो महीने से काम कर रहा था। घटना के दिन प्रकाश बहादुर घर पर अकेला था। 28 सितंबर की रात को घरेलू सहायक ने अपने साथियों को घर पर बुलाया। उसके साथी कार से आए और सभी ने मिलकर घर के अंदर रखे हुए लॉकर और अलमारी का लॉक तोड़ दिया। वहां रखे लाखों रुपये कीमत के जेवरात, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घर में सारा सामान बिखेर दिया। चोर केवल नकदी, ज्वेलरी व कीमती सामान साथ ले गए। चोरी के बाद नेपाली युवक व उसके साथी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद सोमवार सुबह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉयड से लेकर फॉरेंसिक की टीम ने पहुंचकर नमूने लिए। इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दो लोग कमरे का लॉक तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं एक साथी टॉर्च की लाइट दिखा रहा है। एडीसीपी सुमित शुक्ला का कहना है कि इस मामले में मुकदमा पंजीकृत किया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गई हैं। पुलिस की टीमें चिन्हित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही चोरी करने वाले बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
नेपाल बॉर्डर गई पुलिस की टीम
सेवानिवृत्त आईएएस के घर चोरी की घटना के बाद इसमें शामिल आरोपियों के नेपाल की जाने की आशंका जताई जा रही है। इसको ध्यान में रखकर पुलिस की टीम नेपाल बॉर्डर पहुंच गई है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आरोपी किस बॉर्डर की तरफ भागे हैं। वहीं घरेलू सहायक को पूर्व आईएएस ने कहां से काम करने के लिए रखा था, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है। इसके अलावा घर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस की टीम खंगाल रही है।