ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी वन के दादा-दादी पार्क की घटना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सिटी वन के दादा-दादी पार्क में सोमवार रात पालतू कुत्तों ने दंपती पर हमला कर दिया। आरोप है कि कुत्तों के मालिकों ने भी बचाव नहीं किया। किसी तरह भागकर दंपती ने जान बचाई। सुरक्षाकर्मी भी डर के कारण अंदर नहीं गया। लोगों ने बिल्डर से इसकी शिकायत की और पट्टे के साथ ही कुत्तों को अंदर प्रवेश देने का नियम बनाने की मांग की है।
निवासियों ने बताया कि साया जिओन सोसाइटी निवासी दंपती सोमवार रात करीब 9 बजे दादा-दादी पार्क में टहल रहे थे। तभी पार्क में घूम रहे 10 से अधिक पालतू कुत्तों ने उन्हें घेर लिया और काटने का प्रयास किया। उनके मालिक भी वहीं घूम रहे थे, लेकिन किसी ने उन्हें रोकने का प्रयास नहीं किया। कुत्तों को पार्क में खुला छोड़ दिया गया। किसी तरह दंपती ने भागकर जान बचाई। आरोप है कि घटना के बाद से दंपती मानसिक तनाव में हैं।
वहीं, पार्क के गेट पर सुरक्षाकर्मी तैनात था लेकिन कुत्तों के डर के कारण वो भी अंदर नहीं आया। लोगों का आरोप है कि रोजाना कुत्तों को पार्क में लाकर खुला छोड़ दिया जाता है। ऐसे में महिला, बुजुर्ग और बच्चे पार्क में जाने से डरते हैं। कुत्तों के मालिकों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। पार्क में पालतू कुत्तों को ले जाने के संबंध में नियम बनने चाहिए। बिना पट्टे के कुत्तों को पार्क में प्रवेश नहीं दिया जाए। लोगों ने बिल्डर से तत्काल समस्या का समाधान करने की मांग की है।