जिला अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने के लिए लगी लंबी कतारें।
सीतापुर। जिला अस्पताल में सोमवार को अल्ट्रासाउंड की जांच सुविधा बंद रही। इससे 30 से अधिक मरीज बिना जांच के लौट गए। अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों ने महंगे दामों पर बाहर से जांच करवाई। वहीं, ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ी। चिकित्सकों के कक्ष के बार लंबी-लंबी कतारों में लगे मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। चिकित्सकों ने मरीजों की गंभीर हालत को देखते हुए अल्ट्रासाउंड की जांच करवाने की सलाह दी। पैथोलॉजी में जब मरीज पहुंचे तो उनके परचे जमा कर लिए गए। सुबह करीब 10 बजे तख्ती लगा दी गई कि चिकित्सक साक्ष्य देने न्यायालय गए हैं। इस वजह से जांच नहीं हो पाएगी।
यह तख्ती देखकर मरीज वापस लौट गए। गंभीर मरीजों को करीब सात सौ रुपये खर्च कर बाहर से जांच करवानी पड़ी। चिकित्सक न होने से मरीज बेहद परेशान रहे।
सोमवार को ठप हो जाती है जांच
मरीज रमेश व उदित ने बताया कि पिछले तीन सोमवार से अल्ट्रासाउंड की जांच नहीं हो पा रही है। प्रत्येक सोमवार को चिकित्सक न्यायालय चले जाते हैं। अगर चिकित्सक बाहर जा रहे हैं तो किसी न किसी को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। बाहर से जांच करवाना बहुत महंगा पड़ता है।
मलेरिया के चार मरीज मिले
जिला अस्पताल की जांच में सोमवार को चार मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई। ये मरीज कई दिन से बुखार आने से परेशान थे। चिकित्सकों ने जांच करवाई तो पॉजिटिव मिले। चिकित्सक ने पांच दिन की दवाएं देते हुए आराम करने की सलाह दी।
3200 मरीजों ने करवाया इलाज
जिला अस्पताल की ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की काफी अधिक भीड़ थी। ईएनटी कक्ष व फिजिशियन कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। सीएमएस डॉ. इंदर सिंह ने बताया कि सोमवार को ओपीडी में 3200 मरीजों का इलाज किया गया।