-बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में आयोजकों के साथ हुई बैठक, विश्व में दूसरा सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले स्पोर्ट्स से ग्रेनो को मिलेगी विश्वस्तरीय पहचान
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट में आगामी 22 से 24 सितंबर के बीच होने वाले मोटो जीपी रेस की तैयारियों को लेकर डीएम ने जायजा लिया। सोमवार को जिलाधिकारी, डीसीपी समेत आयोजनकर्ता कंपनी के अधिकारियों ने बैठक की। दरअसल, मोटो जीपी विश्व के दूसरे सबसे अधिक पसंद किए जाने वाला स्पोर्ट्स है। इस दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
मोटो जीपी रेस में 47 राइडरों समेत दुनिया भर के 110 प्रतिभागी इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में हिस्सा लेंगे। बैठक में मोटो जीपी का आयोजन कराने वाली फेयर स्ट्रीट स्पोर्ट्स के सीईओ पुष्कर नाथ श्रीवास्तव और बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट के ब्रिगेडियर सुधीर लांबा ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान समेत अन्य अधिकारियों को आयोजन के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों ने व्यवस्था को देखकर दिशा-निर्देश भी दिए।
सीएम से मिलने के बाद तय हुआ कार्यक्रम
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि स्पेनिश डोरना कंपनी के सीईओ कारमेलो ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। इसके बाद मोटो जीपी रेस के आयोजन पर स्वीकृति मिली। इस बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन से ग्रेटर नोएडा का नाम पूरी दुनिया में रोशन होगा। इससे देश की अर्थव्यवस्था में भी बढ़ोतरी होगी। इस आयोजन से वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट को प्रोत्साहन मिलेगा।