- मंडल टीम के लिए पहलवानों का होगा चयन, 18 अगस्त को मेरठ में ट्रायल
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। प्रदेश स्तरीय सबजूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता के लिए गौतमबुद्ध नगर के खिलाड़ियों के जिला स्तरीय ट्रायल 17 अगस्त को सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होंगे। ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पहलवानों का चयन मंडल स्तरीय ट्रायल के लिए किया जाएगा। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि 21 से 23 अगस्त तक कौशांबी स्थित खेल कैंप कार्यालय में प्रदेश स्तरीय सबजूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता प्रस्तावित है। इसके लिए पहले जिला स्तर पर खिलाड़ियों का चयन होगा। जिला ट्रायल में चयनित पहलवान 18 अगस्त को मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में होने वाले मंडल स्तरीय ट्रायल में हिस्सा लेंगे। यहां प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी मंडल टीम में शामिल होकर प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। विभाग ने इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि पर समय से पहुंचने की अपील की है।