ग्रेटर नोएडा (संवाद)। प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए मेरठ मंडल की टीम का चयन किया जाएगा। इसके लिए जिला और मंडल स्तर पर चयन ट्रायल की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित होगा।
विज्ञापन
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि जिला स्तरीय ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाली बॉक्सर शुक्रवार को मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मंडल स्तरीय चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगी। मंडल स्तर पर प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। खिलाड़ियों को आधार कार्ड की मूल प्रति और छायाप्रति के साथ जन्म प्रमाणपत्र की छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा।