ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट स्थित ओलंपिया स्विमिंग अकादमी में सोमवार को बालक व बालिका जूनियर वर्ग में जिला स्तरीय तैराकी ट्रायल आयोजित किए जाएंगे, जबकि मंगलवार को मेरठ मंडल स्तरीय ट्रायल होंगे। प्रतियोगिता को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और अकादमी में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिला स्तरीय ट्रायल में गौतमबुद्ध नगर के तैराक भाग लेंगे, जिनमें चयनित खिलाड़ी मंगलवार को मंडलीय ट्रायल में मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे। मंडलीय ट्रायल के आधार पर मेरठ मंडल की टीम का चयन किया जाएगा, जो लखनऊ में 3 से 5 जुलाई तक होने वाली राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि ट्रायल को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। जिला स्तरीय ट्रायल में फ्रीस्टाइल, बैकस्ट्रोक, ब्रेस्टस्ट्रोक, बटरफ्लाई, व्यक्तिगत मिडले और रिले स्पर्धाएं शामिल हैं।