- स्थायी अधिकारी मिलने से पूर्व सैनिकों के काम में तेजी आने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर के जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय को 16 महीने बाद स्थायी अधिकारी मिल गया है। विंग कमांडर ज्योति अग्रवाल ने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी का कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने कैप्टन रामप्रवेश सिंह से यह जिम्मेदारी ग्रहण की। इससे पहले कैप्टन रामप्रवेश सिंह गाजियाबाद में तैनात रहते हुए जिले का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।
अतिरिक्त प्रभार होने के कारण वह सप्ताह में केवल मंगलवार और बृहस्पतिवार को नोएडा स्थित कार्यालय आते थे। इससे पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों को पेंशन, दस्तावेज सत्यापन, पहचान पत्र, कैंटीन कार्ड और चिकित्सा सहायता से जुड़े कार्यों के लिए इंतजार करना पड़ता था। 29 सितंबर 2026 को कार्यभार संभालने के बाद विंग कमांडर ज्योति अग्रवाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों का कल्याण उनकी प्राथमिकता होगी। वीर नारियों, शहीदों की विधवाओं और पूर्व सैनिकों के आश्रितों की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान कराया जाएगा। पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और आर्थिक सहायता का लाभ पहुंचाने का प्रयास होगा। कार्यालय आने वाले पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों की समस्याएं प्राथमिकता से सुनी जाएंगी।