बहराइच। जिला सहकारी बैंक के सभागार में मंगलवार को बैंक संचालक मंडल की बैठक हुई। अध्यक्षता सभापति डॉ. जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने की। बैठक में बैंक सचिव ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में माह सितंबर तक 11.49 करोड़ रुपये का केसीसी ऋण वितरण किया गया तथा बैंक 1.76 करोड़ अर्धवार्षिक लाभ पर है।
बैठक में बताया गया कि बैंक की प्रबंध समिति द्वारा कृषकों को खाद बीज समय पर उपलब्ध कराने के लिए बहराइच एवं श्रावस्ती की समस्त समितियों की कुल 15.40 करोड़ रुपये की ऋण सीमा स्वीकृत की गई। साथ ही बैंक प्रबंध समिति द्वारा अपने ग्राहकों को अन्य वाणिज्यिक बैंकों की भांति एटीएम, यूपीआई तथा नेट बैंकिंग इत्यादि की सुविधा प्रदान करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। खाताधारकों को केवाईसी पूर्ण कर उनकी मांग के अनुसार भुगतान किया जा रहा है। सदस्यता महाभियान के अंतर्गत 23800 सदस्य बनाए गए हैं तथा 1200 नए खाते खोले गए हैं। बैठक में उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह, संचालक अभिषेक कुमार त्रिपाठी, सुषमा चौधरी, प्रभा देवी, आलोक कुमार द्विवेदी, बाबूराम, लल्लन सोनी, सहायक आयुक्त व सहायक निबंधक संजीव कुमार तिवारी तथा मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार मिश्र उपस्थित रहे।