दनकौर कस्बे में भूमाफिया द्वारा स्कूल की जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास, छात्र छात्राओं ने ब
कॉलेज की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, पुलिस टीम ने समझा-बुझाकर छात्रों को वापस भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। कस्बे में स्थित बिहारीलाल इंटर कॉलेज की करीब दो हजार गज की जमीन को लेकर विवाद बढ़ गया है। मामले में कॉलेज प्रबंधन की तरफ से अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया गया है। बुधवार सुबह जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण शुरू होने की खबर मिलते ही इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने हंगामा शुरू कर दिया। विद्यार्थियों ने निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल ढहा दी। साथ ही काम कर रहे श्रमिकों को खदेड़ दिया। विद्यार्थियों का आक्रोश देख मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बच्चों को समझाकर वापस भेज दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
स्कूल प्रिंसिपल महकार सिंह का आरोप है कि भूमाफिया की नजर काफी समय से कॉलेज की खेल मैदान और परिसर से सटी जमीन पर है। दावा है कि बुधवार को दबंगों ने श्रमिकों को बुलाकर करीब दो हजार गज जमीन पर अवैध रूप से बाउंड्री वॉल का निर्माण शुरू करा दिया था। इसकी भनक स्कूल के छात्र-छात्राओं और प्रबंधन को लगी। जिसके बाद काफी संख्या में छात्र और छात्राएं एकजुट होकर मैदान में उतर आए। छात्रों के उग्र रूप को देखकर कामगार और उनके साथी पीछे हटने लगे। आक्रोशित छात्रों ने परिसर के पास खड़ी की जा रही बाउंड्री वॉल को ढहा दिया। छात्रों का भारी विरोध देखकर सभी आरोपी मौके से भाग गए कॉलेज प्रशासन का कहना है कि यह जमीन छात्रों के भविष्य और खेलकूद के लिए है, जिस पर किसी भी कीमत पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। स्कूल प्रबंधन ने जिला प्रशासन और पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त-से-सख्त कानूनी कार्रवाई करने और स्कूल की जमीन को पूरी तरह सुरक्षित करने की मांग की है।
वहीं एसीपी रविशंकर मिश्र का कहना है कि दो पक्षों के बीच कॉलेज जमीन का विवाद है। एक पक्ष ने निर्माण शुरू किया था जिसका कॉलेज के पक्ष ने विरोध किया। इसमें कॉलेज के बच्चे भी आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चों को समझाकर भेज दिया। दोनों पक्षों का विवाद राजस्व में विचाराधीन है। राजस्व से निर्णय होने के बाद ही दोनों पक्षों को निर्माण नहीं करने की हिदायत दी गई है।