ग्रेनो में गंगाजल की जगह मिल रहा गंदा जल
- पाइपलाइन की मरम्मत शुरू, गंगाजल की बेहतर आपूर्ति में तीन माह तक लग सकता है समय
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नवंबर में आधी-अधूरी तैयारियों के साथ गंगाजल की आपूर्ति शुरू करने के दावे के बावजूद शहरवासियों को अभी तक स्वच्छ गंगाजल नहीं मिला है। जिन सेक्टरों में गंगाजल की आपूर्ति हो रही है। वहां भी गंगाजल की जगह गंदा जल मिल रहा है। प्राधिकरण ने इसकी पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कता दिया है। इसमें करीब तीन माह का समय लगेगा। उसके बाद ही नोएडा की तरह ग्रेटर नोएडा वासियों को गंगाजल मिल सकेगा।
दरअसल, हापुड़ के अपर गंगा कैनाल से 85 क्यूसेक गंगाजल लाने का प्रस्ताव 2005 में बना था। साल- 2012 से 2014 के बीच ग्रेटर नोएडा में जलापूर्ति व्यवस्था के लिए पाइपलाइन तैयार कर ली गई थी। वर्ष 2017 के बाद देहरा से जैतपुर तक 23 किमी की पाइपलाइन, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, व देहरा में प्रारंभिक ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य शुरू किया गया। देहरा से 7.4 किमी का कार्य प्राधिकरण ने 2018 तक पूरा कर लिया। उसके आगे एनटीपीसी से जमीन लेकर पाइपलाइन बिछाई गई। मगर ग्रेनो के जैतपुर स्थित मास्टर रिजर्वायर तक पहुंचाने के लिए पल्ला-बोड़ाकी के पास किसानों ने काम रोक दिया था। इससे रिजर्वायर तक आने वाली लेन में कई जगहों पर लीकेज हो गया।
नवंबर 2022 में ग्रेनो प्राधिकरण के अधिकारियों ने आनन-फानन गंगाजल आपूर्ति को शुरू करा दिया था। जबकि गंगाजल की पाइपलाइन अभी पूरी तरह दुरुस्त नहीं हुई थी। जिन सेक्टरों में गंगाजल की आपूर्ति हुई हैं, उनमें गंदा जल ही पहुंच रहा है। प्राधिकरण की ओर से पहले चरण में करीब 30 और दूसरे चरण में 36 सेक्टर में गंगाजल आपूर्ति करना था। जबकि अभी अंडरग्राउंड जलाशयों से सेक्टरों की टंकी तक नहीं जुड़ी है।
गंगाजल परियोजना पर एक नजर
- 848.13 करोड़ रुपये की 85 क्यूसेक गंगाजल
-2005 में गंगाजल परियोजना की योजना की घोषणा की गई
-फरवरी 2019 में दिल्ली-हावड़ा रेलवे लाइन के नीचे मिली काम की अनुमति
-जुलाई 2019 में एनटीपीसी दादरी से मिली एनओसी
-जून 2021 में वन विभाग ने दी काम करने की अनुमति
-जुलाई 2021 में आईओसीएल से पाइप लाइन डालने की मिली अनुमति
-अक्तूबर 2021 में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के नीचे से लाइन डालने का काम शुरू
-दिसंबर 2021 में पल्ला के डब्ल्यूटीपी तक पहुंचा गंगाजल
-नवंबर-2022 में ग्रेटर नोएडा में गंगाजल आपूर्ति शुरू
आज तक पानी की टंकी में नहीं पहुंचा गंगाजल
जैतपुर गांव से नालेज पार्क स्थित रिजर्वायर तक गंगाजल लाया गया है। यहां से सेक्टर पी-थ्री स्थित आर-7 और बिल्डर्स एरिया पी-सिक्स स्थित पानी की टंकी आर-6 तक गंगाजल की आपूर्ति होनी है। इन दोनों टंकियों से पी-थ्री, पी-फोर, बिल्डर्स एरिया, चाई और फाई को पानी आपूर्ति होनी होगी। वर्तमान में सबमर्सिबल से भूजल निकालकर पानी की आपूर्ति कराई जा रही है।
गंगाजल आपूर्ति में पाइप लाइन की लीकेज के कारण व्यवधान आ रहा है। पाइपलाइन समेत अन्य व्यवस्था को दुरुस्त कराया जा रहा है और जल्द से जल्द इस आपूर्ति को बेहतर करा दिया जाएगा। - रितु माहेश्वरी, सीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण।
अभी 11 सेक्टरों में हो रही आपूर्ति
जूदा समय में अल्फा-एक व दो, बीटा-एक और दो, गामा-एक व दो, डेल्टा-एक, दो और तीन के अलावा ईटा एक एवं रिक्रेएशन ग्रीन में गंगाजल की आपूर्ति की जा रही है। अगले कुछ दिनों में प्राधिकरण 40 सेक्टरों में पानी की आपूर्ति करने का दावा कर रहा है।