-आस पास की दो इमारत का हिस्सा क्षतिग्रस्त, मलबे में फंसे 22 लोगों को सुरक्षित निकाला, कुछ लोगों को लगी मामूली चोटें
-सब्जी मंडी इलाके में देर रात हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तरी जिले के सब्जी मंडी स्थित पंजाबी बस्ती में सोमवार देर रात जर्जर चार मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। मकान का मलबा गिरने से आस पास के इमारतों में रहने वाले करीब दो दर्जन लोग फंस गए। जिसमें से कुछ लोगों को चोटें भी आई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने 22 लोगों को बाहर निकाला और पास के अस्पताल में ले गए। जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। शुरुआती जांच में पता चला कि मकान जर्जर हालत में थी और इसे खाली करवा लिया गया था। पुलिस की ओर से दिल्ली नगर निगम को जानकारी दे दी गई थी।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब 3 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम के साथ साथ दमकल की दो गाड़ियां, एनडीआरएफ, एम्बुलेंस और एसडीएम कार्यालय के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए। राहत बचाव कार्य करते हुए मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इमारत गिरने से आस पास के दो इमारतों को भी नुकसान पहुंचा। इन इमारतों के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गलियों में मलबा गिरने से वहां खड़ी करीब आधा दर्जन बाइक और कार क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय लोग लगातार सुरक्षा के लिए इस मकान को गिराने की एमसीडी से गुहार लगा चुके थे, लेकिन उनके आवेदन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।