- कई बार अधिकारियों से की मांग,लेकिन अब तक नहीं हुई कोई कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित ऐस एस्पायर सोसाइटी के सामने सड़क पर हुए गड्ढों से निवासी परेशान हैं। निवासियों का आरोप है कि पानी की लाइन में लीकेज को सही कराने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी,लेकिन अब तक उसे बनवाया नहीं गया है। निवासियों का आरोप है कि प्राधिकरण ने मरम्मत के कार्य के बाद सड़क के गड्ढों को नहीं भरा है, जो निवासियों और वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रहे हैं।
सोसाइटी के एओए अध्यक्ष हरि शंकर नायक ने बताया कि मुख्य सड़क के नीचे प्राधिकरण की पाइपलाइन में लीकेज की समस्या हो रही थी। जिसकी मरम्मत कार्य के दौरान सड़क की खुदाई की गई थी,जिससे सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। कई बार प्राधिकरण के अधिकारियों से उसे सही कराने के लिए बोला गया,लेकिन अब तक कोई मरम्मत कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। वर्तमान में सड़क पर कई गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम शुरु हो गया है। बारिश के दौरान काफी परेशानी होगी। जो कि लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। साथ ही, सबसे अधिक खतरा दो पहिया वाहन चालकों को हो रही है। उन्होंने गड्ढों को जल्द से जल्द भरे जाने की मांग की है।