घर, पार्क और स्टेडियम में किया योग, स्वस्थ रहने का संदेश दिया
-शहर में मनाया गया योग दिवस, 250 स्थानों पर हुए कार्यक्रम, लोगों ने किए विभिन्न आसन और प्राणायाम
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। शहर के सेक्टर और सोसाइटियों से लेकर गांव और कस्बों में लोगों ने शुक्रवार को विश्व योग दिवस मनाया। किसी ने घर में तो किसी ने पार्क और स्टेडियम में योग किया। शहर में लगभग 250 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नोएडा स्टेडियम में राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, सांसद डाॅ. महेश शर्मा, जिलाधिकारी मनीष वर्मा के साथ शहर वासियों ने योग किया। सुबह 7 बजे से कार्यक्रम शुरू हुआ। भाजपा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, खेल अधिकारी अनिता नागर, मुख्य विकास अधिकारी जनार्दन सिंह, डाॅ. धर्मेंद्र कुमार केम समेत नेता और अधिकारी मौजूद रहे। सेक्टर-6 इंदिरा गांधी कला केंद्र स्थित पार्क में नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने योग किया।
सेक्टर 134 स्थित जेपी कॉसमोस सोसाइटी में एओए की तरफ से योग शिक्षिका रेखा ने लोगों को विभिन्न आसन कराए। आरडब्लूए सेक्टर-34, सेक्टर 75, सेक्टर-62 रजत विहार, भारतीय योग संस्थान, गार्डनिया ग्लोरी, सेक्टर- 46, सेक्टर 47, सेक्टर-27 व सेक्टर-33 स्थित अग्रसेन भवन में अग्रवाल मित्र मंडल की ओर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
विभिन्न आसनों व प्राणायामों का किया अभ्यास
नोएडा। सेक्टर-122 में भारतीय योग संस्थान व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तत्वावधान में संस्थापक सीमा गर्ग व ललिता चौहान के नेतृत्व में योग शिक्षक ब्रजेश शुक्ला ने लोगोंं को आसन व प्राणायाम कराए गए। एसआर यादव, डॉ. उमेश शर्मा, आरडब्लूए अध्यक्ष दीपक जाला, रेखा समेत अन्य मौजूद रहे।
योग कर निरोग रहने का लिया संकल्प
नोएडा। सेक्टर-12 स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में महिला पतंजलि योग समिति ने योग कर निरोग रहने का संकल्प लिया। योग प्रोटोकॉल का अभ्यास अलका चौहान, गीता, सुलोचना, उषा, देवेंद्री ने कराया। कार्यक्रम की अतिथि मंजू अग्रवाल ने योग के साथ भगवत गीता को पढ़ने-पढ़ाने के लिए कहा। कार्यक्रम जिले में पांच जगहों पर किया गया।
स्कूलों में मनाया योग दिवस
नोएडा। डीएवी पब्लिक स्कूल में योग शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य चित्राकांत ने छात्रों को योग दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। 300 से अधिक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन माध्यम से भी हिस्सा लिया। वहीं, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 10 दिन से आयोजित स्वयं और समाज के लिए योग कार्यशाला का समापन योग दिवस पर किया। प्राचार्य राजीव कुमार गुप्ता छात्रों को नियमित योग करने के लिए कहा।
समझाया योग का महत्व
नोएडा। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने सेक्टर-72 स्थित स्मृति पार्क में योग शिविर लगाया। योग शिक्षक श्रवण कुमार ने योग कराया और उसका महत्व भी समझाया। कार्यक्रम में मुक्तानंद शर्मा, उपाध्यक्ष संदीप उपाध्याय, जिला मंत्री विजय अवाना समेत मौजूद रहे।
योग साधकों ने बताए योग के लाभ
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित रजत विहार सी ब्लॉक में सुबह 5:30 बजे से योगा पॉइंट पर पहुंच कर लोगों ने गायत्री मंत्र के साथ योगाभ्यास किया और राष्ट्रगान के साथ समापन किया। संरक्षक सुषमा नागपाल और केंद्र प्रमुख गिन्नी झा ने योग के लाभ बताते हुए योगासन कराए। विश्व हिंदू परिषद के महानगर धर्म प्रसार प्रमुख राजीव शर्मा, गुलाब झा, डीएन पांडे समेत लोग मौजूद रहे।