माई सिटी रिपोर्टर
रबूपुरा। भाईपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को गोवंशों के अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। क्षेत्र में दो दिन बाद मुख्यमंत्री के आने के कार्यक्रम के पहले गोवंशों के अवशेष पाए जाने की घटना को पुलिस ने इस हरकत को स्थानीय शांति को भंग करने का षड़यंत्र बताया है। गोरक्षा विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष की शिकायत पर रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के भाईपुर गांव के निकट नहर के पास गोवंशों के कुछ अवशेष मिले हैं। कुछ देर बाद फिल्म सिटी के निकट भी कुएं में गोवंशों के अवशेष पाए गए हैं। रमजान का महीना शुरू होने पर दो स्थानों से गोवंश के अवशेष मिलने की घटना से क्षेत्र में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों और गोवंश रक्षा समिति के लोगों ने मौके पर जमकर नारेबाजी और हंगामा किया। पुलिस को सूचना मिलते ही रबूपुरा के अलावा जेवर और दनकौर कोतवाली से भी फोर्स मौके पर पहुंच गई। मौके पर पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाकर जांच भी कराई गई। इस मामले में एसपी जेवर सार्थक सेंगर का कहना है कि भाईपुर गांव के पास दो स्थानों से पशु अवशेष मिले हैं। जांच के बाद पता चलेगा कि यह गोवंश या अन्य किसी पशु के हैं।