गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित है यात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
गुरु तेग बहादुर साहिब व उनके साथ शहीद हुए भाई मती दास, भाई सती दास व भाई दियाला की 350वीं शहादत वर्षगांठ को समर्पित धर्म रक्षक यात्रा का शुभारंभ बृहस्पतिवार को आनंदपुर साहिब से हुआ। यह यात्रा श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पवित्र छत्र-छाया और पांच प्यारे की अगुवाई में शुरू हुई।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से निकाली जा रही यात्रा रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार सुबह अंबाला से रवाना होकर शाम तक गुरुद्वारा शीशगंज साहिब, दिल्ली पहुंचेगी। यह यात्रा रविवार को दिल्ली में नगर कीर्तन के रूप में आरंभ होकर 21 नवंबर तक राजधानी के विभिन्न इलाकों से होकर गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में संपन्न होगी। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि यात्रा उस ऐतिहासिक मार्ग को जोड़ती है जहां कश्मीरी पंडितों ने गुरु तेग बहादुर साहिब से फरियाद की थी और जहां गुरु साहिब ने धर्म की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने इस ऐतिहासिक अवसर को राष्ट्रीय स्तर पर मनाने के लिए 23 से 25 नवंबर तक लाल किले पर बड़े समागम आयोजित करने की घोषणा की है।