-ऋषि चौक के पास दुकान से सामान खरीद रहे थे पिता-पुत्र
- बहस के बाद बेटे को मारी गोली, गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजा गया
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। शराब के नशे में चूर एक स्काॅर्पियो सवार युवक ने सामने से हटने में देरी होने पर बृहस्पतिवार रात युवक को गोली मार दी। गोली से घायल युवक को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेवर कोतवाली पुलिस ने घायल के पिता की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया।
जेवर के माॅडलपुर निवासी केशव कुमार पुत्र बनवारी लाल ने जेवर कोतवाली में दी शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे टोनी उर्फ टेकचंद के साथ रात में जेवर चौराहे के पास कॉब शोरूम के नजदीक कुछ सामान की खरीददारी करने आए थे। इस दौरान काली स्काॅर्पियो में सामने से आकर रबूपुरा के फलैदा गांव निवासी हिमांशु भाटी हॉर्न बजाने लगा। आरोप है कि जबतक दोनों पिता-पुत्र साइड होते तब तक आरोपी गाड़ी से उतरकर उनसे गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी स्काॅर्पियो से तमंचा ले आया और टेकचंद को गोली मार दी। पैर में गोली लगने से टेकचंद घायल होकर गिर गया। वहीं, आरोपी मौके से भाग गया। केशव कुमार और आसपास के लोगों ने घायल को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। जेवर एसीपी सार्थक सेंगर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी हिमांशु भाटी को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को आरोपी को पुलिस ने न्यायालय के सामने पेश कर जेल भेज दिया। वहीं, घायल टेकचंद की हालत अब खतरे से बाहर है।
शराब के नशे में चूर था आरोपी : लोगों का कहना है कि घटना के वक्त आरोपी नशे में चूर था। यहां नजदीक ही शराब का ठेका है। ऐसे में आरोपी अक्सर यहां पर पास में शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। इसी के चलते घटना हुई है।
टेकचंद की होने वाली है शादी : गोली लगने से घायल टेकचंद की जल्द ही शादी होने वाली थी। शुक्रवार को ही शादी की रस्म के अनुसार उसकी पीली चिट्ठी भेजी जाने वाली थी। घर पर उनके रिश्तेदार भी इकट्ठा थे। इसी के चलते वह कोल्ड डि्रक आदि सामान भी लेने आया था।