-यूपीआई से भी निकाल पंद्रह हजार रुपये, लगभग एक महीने बाद दर्ज की प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नवंबर के महीने में फेज तीन थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का मोबाइल बाइक सवार बदमाश झपट्टा मारकर उड़ा ले गए। जिसके बाद उसके खाते से यूपीआई के माध्यम से पंद्रह हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। थाने के कई चक्कर काटने के बाद पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
फेज-3 थाना क्षेत्र के गांव गोंडा लालपुर के रहने वाले वीरेंद्र ने बताया कि वह मामूरा गांव में पीजी में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वीरेंद्र के मुताबिक वह तीन नवंबर को रोजाना की तरह अपने दफ्तर जा रहे थे। सहारा चौराहे के पास पहुंचने पर बाइक पर सवार दो बदमाश आए और हाथ से मोबाइल उड़ाकर निकल गए। बाद में जब नया सिम जारी कराकर फोन में डाला तो जानकारी हुई कि खाते से पंद्रह हजार रुपये भी निकाले गए हैं। वहीं, गेझा गांव के रहने वाले मृत्युंजय भी इसी तरह की घटना का शिकार हुए। सेक्टर-63 स्थित निजी कंपनी में कार्यरत मृत्युंजय ने बताया एक नवंबर को बाइक सवार बदमाश झपट्टा मारकर मोबाइल छीन ले गए। जब कार्रवाई के लिए पुलिस से गुहार लगाई तो सुनवाई नहीं की। कई बार चक्कर काटने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज करने की कवायद शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।