- कोर्ट के आदेश पर चार महीने बाद दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
- पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो कोर्ट पहुंचा मृतक का बेटा
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के होशियारपुर में वेल्डिंग का काम करते समय करंट लगने से श्रमिक की मौत के मामले में करीब चार महीने बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक के बेटे का आरोप है कि जिस परिसर में काम कराया जा रहा था, वहां घरों को बिजली सप्लाई करने वाली मुख्य केबल कटी हुई थी। कटी केबल के संपर्क में आने से दो श्रमिक करंट की चपेट में आ गए थे। इनमें एक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
बुलंदशहर निवासी रोहित सिंह के मुताबिक उनके पिता चंद किरन सेक्टर-51 के होशियारपुर में ठेकेदार सोरन गौतम के साथ वेल्डिंग का काम करते थे। तीन जून 2026 को फाइबर शीट लगाने के लिए विकास यादव और अर्जुन मिष्ठान भंडार के मालिक की ओर से चंद किरन, प्रेमपाल, प्रेम सिंह और सोरन सिंह को काम करने के लिए कहा गया था। रोहित के चंद किरन और प्रेमपाल वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान परिसर और आसपास के घरों में बिजली सप्लाई करने वाली मुख्य केबल की चपेट में दोनों आ गए और नीचे गिर गए। हादसे में चंद किरन की मौत हो गई। रोहित ने 10 जून को सेक्टर-49 थाना में शिकायत दी लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने सात जुलाई को कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। अब कोर्ट के आदेश के बाद सेक्टर-49 थाना पुलिस ने विकास यादव और अर्जुन मिष्ठान भंडार के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।