ग्रेटर नोएडा। सेक्टर गामा-2 को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाने के लिए प्राधिकरण ने कार्रवाई शुरू कर दी है। आरडब्ल्यूए की मांग पर प्राधिकरण की टीम ने ग्रीन बेल्ट की सफाई और नए पेड़ लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके चलते नए पौधों के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में उन्होंने प्राधिकरण के अधिकारियों से मुलाकात कर सेक्टर में सूखे और जंगली पेड़ों को हटाने और उनकी जगह नए पौधे लगाने की मांग की थी। इस पर प्राधिकरण के सीनियर मैनेजर ज्ञानेंद्र यादव और मैनेजर अरविंद कुमार ने 6 जुलाई 2026 को अपनी टीम के साथ सेक्टर का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जल्द काम शुरू कराने का आश्वासन दिया था।
आश्वासन के बाद मंगलवार को ग्रीन बेल्ट की सफाई और पौधरोपण की तैयारी का कार्य शुरू हो गया है आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियो ने बताया कि आने वाले दिनों में पार्कों के सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्य भी जारी रहेंगे। आरडब्ल्यूए ने सेक्टरवासियों से इस अभियान में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही गामा-2 को स्वच्छ, सुंदर और हरियाली से भरपूर बनाया जा सकता है।