- न्यायालय के आदेश पर सात महीने बाद बीटा-2 कोतवाली में मामला दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने परिचित से 50 लाख रुपये उधार लेकर उसे न लौटाने और जान से मारने की धमकी देने का का आरोप लगाया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है
सेक्टर अल्फा निवासी अरुण कुमार मावी ने बताया कि आरोपी नितिन नागर से उनकी पुरानी और अच्छी जान-पहचान थी। दिसंबर 2025 में नितिन ने संपत्ति खरीदने के लिए उसने 50 लाख रुपये उधार मांगते हुए कहा कि वह एक-दो महीने में पूरी रकम वापस कर देगा। शिकायतकर्ता ने अपने परिचितों व रिश्तेदारों से उधार लेकर नितिन नागर को 50 लाख रुपये नकद दे दिए। आरोपी ने भरोसा दिलाया था कि संपत्ति की रजिस्ट्री होते ही वह रकम वापस मिलने तक उसकी असल रजिस्ट्री गिरवी के तौर पर परिवादी के पास रख देगा। एक-दो महीने बाद जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगी तो नितिन नागर ने 5 लाख रुपये नकद अदा किए और शेष 45 लाख रुपये के लिए 9 दिसंबर 2025 का एक चेक सौंप दिया।
जब परिवादी ने यह चेक बैंक में जमा किया तो वह बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी ने असल रजिस्ट्री को 3 जनवरी 2025 को बतौर सिक्योरिटी शिकायतकर्ता के पास रख दी। बाद में जब शिकायतकर्ता ने उस रजिस्ट्री का अवलोकन किया तो पाया कि उसी चेक की तारीख बदलकर 27 दिसंबर 2025 और राशि 9 लाख 50 हजार रुपये अंकित कर उसे गांव डूंगरपुर रीलखा निवासी रोशनी पत्नी अलाउद्दीन को देने का उल्लेख किया गया था। इसे शिकायतकर्ता ने पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत की गई जालसाजी बताया है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।