शहर में 5 रुटों पर चलेंगी 50 ई-बसें
-सार्वजनिक परिवहन सेवा शुरू करने के लिए नोएडा प्राधिकरण की तैयारी, परिवहन निगम के साथ बैठक में लिया निर्णय
-बृहस्पतिवार को परिवहन निगम व प्राधिकरण का रूट व बस डिपो के लिए होगा सर्वे, वीजीएफ देने के लिए भी प्राधिकरण तैयार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में लंबे समय से सार्वजनिक परिवहन में सिटी बस सेवा का इंतजार खत्म हो सकता है। नोएडा प्राधिकरण ने सिटी बस सेवा के तौर पर 50 एसी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना आगे बढ़ाई है। इसको लेकर बुधवार को प्राधिकरण व उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में यह तय हुआ कि शहर के 5 मार्गों पर 10-10 बसें चलाई जाएं। बसें परिवहन निगम की होंगी और निगम ही संचालन करेगा। मिलने वाले किराये और खर्च के बीच के अंतर वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) को प्राधिकरण देने के लिए तैयार हो गया है। अब रूट, बस डिपो, बस स्टॉप के लिए बृहस्पतिवार को प्राधिकरण व परिवहन निगम संयुक्त सर्वे करेंगे। इसके बाद प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
सिटी बस सेवा के तौर पर इन बसों के संचालन की योजना प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने आगे बढ़ाई है। सीईओ ने परिवहन आयुक्त से वार्ता कर 50 बसें नोएडा में चलाने की मांग रखी। इसकी स्वीकृति मिलने के बाद संचालन की कार्ययोजना तैयार हो रही है। इस क्रम में बुधवार को प्राधिकरण के जीएम एस पी सिंह व परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार सिंह की बैठक हुई। इस पर प्राधिकरण ने सेक्टर-90 में नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की बस डिपो का प्रस्ताव दिया है। इसके साथ ही प्राधिकरण ने 50 बसों के संचालन पर अनुमानित वीजीएफ की गणना कर जानकारी देने के लिए भी क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र सौंप दिया है। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन शुरू होने के साथ नोएडा से सार्वजनिक परिवहन सेवा की जरूरत होगी। इसको देखते हुए बसों के संचालन की योजना बनाई गई है।
यह रूट प्राधिकरण ने प्रस्तावित किए हैं-
-नोएडा में सेक्टर-90 बस डिपो से बॉटनिकल गार्डन होते हुए जेवर।
-बॉटनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा परी चौक।
-सेक्टर-90 से बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-71 चौराहा होते हुए ग्रेटर नोएडा वेस्ट।
-सेक्टर-62 मॉडल टाउन से विश्वकर्मा रोड होते हुए 7 एक्स सेक्टर से सेक्टर-98 व 96 तक।
-डीएससी रोड पर सेक्टर-15 से भंगेल एलिवेटेड से फेज-2 औद्योगिक क्षेत्र से होते हुए सूरजपुर तक।
100 बसों का संचालन अगले 8 महीने में होगा: शासन स्तर पर भी जिले के लिए 100 बसों का संचालन कराए जाने की योजना तैयार हुई है। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए जिलाधिकारी व परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक की अगुवाई में संचालन समिति बनेगी। यह समिति अगले 8 महीने में इन बसों का जरूरत के हिसाब से संचालन करवाएगी। तब तक इन 50 बसों का संचालन करवाया जाएगा। 100 बसें आने और उनका संचालन शुरू होने के बाद इन 50 बसों की जरूरत न होने पर हटाया जाएगा।
शहर में सार्वजनिक परिवहन की सेवा की जरूरत को देखते हुए 50 बसों का संचालन परिवहन निगम से करवाने की योजना आगे बढ़ाई गई है। इनके रूट और संचालन की बुनियादी जरूरतें तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।- कृष्ण करुणेश, सीईओ, नोएडा प्राधिकरण।