माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सुपरटेक की परियोजनाओं के अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा कराने के लिए सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर गठित एपेक्स कमेटी ने घर खरीदारों के साथ बैठक की। बैठक में सुपरटेक की सभी परियोजना के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके साथ ही प्रतिनिधियों ने कमेटी के सामने समस्याएं रखीं। इको विलेज-1 के निवासी संजय शर्मा ने बताया कि बैठक में खरीदारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। उन्होंने कहा कि इको विलेज-1 में फैसिलिटी मैनेजमेंट की ओर से बढ़ाए गए सीएएम (कॉमन एरिया मेंटेनेंस) शुल्क का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर एपेक्स कमेटी के चेयरमैन कृष्ण मुरारी ने बताया कि संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी किया जा चुका है और जरूरत पड़ने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बता दें, सर्वोच्च न्यायालय ने पांच फरवरी 2026 को एनसीएलएटी के दिसंबर 2024 के आदेश को बरकरार रखते हुए सुपरटेक की अधूरी परियोजनाओं को पूरा कराने के लिए एपेक्स कमेटी के गठन का निर्देश दिया था। बैठक के बाद घर खरीदारों ने उम्मीद जताई कि कमेटी के प्रयासों से लंबे समय से अटकी परियोजनाओं का निर्माण जल्द पूरा होगा और उन्हें राहत मिलेगी। इस मौके पर एनबीसीसी के चेयरमैन महादेवस्वामी, एमिकस क्यूरी राजीव जैन, तकनीकी विशेषज्ञ और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।