फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म और व्हाट्सऐप ग्रुप में फंसाकर दो लोगों से 12.56 लाख ठगे- साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर ठगों ने ऑनलाइन निवेश में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर महिला समेत दो लोगों से करीब 12.56 लाख रुपये हड़प लिए। एक पीड़ित को व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिये 7.05 लाख रुपये निवेश कराए गए, जबकि दूसरे मामले में 67 वर्षीय महिला से करीब 5.51 लाख रुपये की ठगी हुई। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-121 स्थित होम्स सोसाइटी निवासी एक शख्स के मुताबिक वह फेलो ट्रैवलर्स नाम के व्हाट्स एप ग्रुप से जुड़े थे। ग्रुप में फिसप्रो नाम के निवेश और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का प्रचार किया गया। आरोपियों ने अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। उनके झांसे में आकर अंकित ने 25 जनवरी से चार फरवरी के बीच अलग-अलग बैंक खातों में 7.05 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद फिसप्रो एप पर उनके खाते में निवेश के साथ मुनाफा भी दिखाया जाने लगा। रकम निकालने की कोशिश पर ठगों ने और निवेश करने के लिए दबाव बनाया। इसी दौरान उनके आईसीआईसीआई बैंक खाते में एक लेनदेन के जरिये आठ लाख रुपये आए। बाद में इनमें से 30 हजार रुपये को विवादित लेनदेन बताते हुए बैंक ने फ्रीज कर दिया।
दूसरी शिकायत सेक्टर-107 की ग्रेट वैल्यू शरणम सोसाइटी निवासी 67 वर्षीय सुमन शाह ने की है। उन्होंने 14 सितंबर को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी। सुमन के अनुसार उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 और पोर्टल पर तीन शिकायतें दर्ज कराई थीं। इनमें कुल करीब 5.51 लाख रुपये की ठगी की जानकारी दी गई। एसीपी साइबर विवेक रंजन राय ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों में रकम जिन बैंक खातों में गई, उनकी जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों और संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी जुटाई जा रही है।