माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र स्थित गुलावली गांव में बहन को लेने पहुंचे युवक और उसके परिजनों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने ससुराल पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडों और रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। न्यादरगंज दादरी निवासी अमन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 22 फरवरी की रात अपनी बहन को लेने गांव गुलावली आया था। उसके साथ उसकी माता, पिता, भाई और चचेरे भाई भी मौजूद थे। आरोप है कि बहनोई शिवम और उसके भाई सागर निवासी गुलावली ने कहासुनी के बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में अमन के चेहरे के दाहिने हिस्से में चोट आई है। उसकी माता इन्द्रेस को भी चोटें आई हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी सर्वेश सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।