- विरोध करने पर सुरक्षा कर्मियों को धमकाने का आरोप, न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-74 स्थित केपटाउन सोसाइटी के इंटरकॉम कंट्रोल रूम का ताला तोड़कर करीब सात लाख रुपये के उपकरण चोरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के दौरान विरोध करने पर सुरक्षा कर्मियों को धमकाया गया। सोसाइटी एसोसिएशन के सचिव की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद सेक्टर-113 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
केपटाउन एसोसिएशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स के सचिव क्रिशनेंदू आदित्य ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सोसाइटी के नीचे स्थित इंटरकॉम कंट्रोल रूम में चोरी हुई। आरोप है कि सोसाइटी निवासी धीरेन्द्र झा और हिमांशु झा अपने एक सहयोगी के साथ वहां पहुंचे और कमरे में रखे इंटरकॉम सर्वर, उपकरण और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री निकाल ले गए। चोरी किए गए सामान की कीमत करीब सात लाख रुपये है। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने जब इसका विरोध किया तो उन्हें डराया-धमकाया गया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।