- गिरोह पिछले 6 साल से चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था, 2.50 लाख रुपये बरामद
-आरोपियों के पास से 122 वन प्लस एन-6 व 32 मोबाइल ओप्पो कंपनी के बरामद हुए हैं।
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने कंपनी से मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें बाजार से कम कीमत पर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। सोमवार को पीपल वाला गोल चक्कर, नट मढ़ैय्या के पास से मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीगढ़ निवासी केशव कुमार (30), मनोज कुमार (25), विनीत उर्फ मसना (23), मथुरा निवासी रवि कुमार (32) व बिजनौर निवासी मोहम्मद शोएब (24) और हसीबुर्रहमान (32) के रूप में हुई है।
आरोपियों के कब्जे से चोरी के 154 मोबाइल फोन, 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो कार बरामद की गई है। गिरोह का मास्टरमाइंड केशव कंपनी में कंटेनर चालक के तौर पर काम करता था और अपने साथियों के साथ मिलकर मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम देता था। गिरोह पिछले छह साल से चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था।
डी-28 साइट-4 स्थित एक्सप्रेस बीज लॉजिस्टिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से शिकायत दी गई थी कि मोबाइल फोन की ऑडिट प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल कम पाए गए थे। कंपनी के मैनेजर की ओर से 24 जुलाई 2026 को कोतवाली में 165 मोबाइल फोन चोरी होने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले थे। पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों के पास से 122 वन प्लस एन-6 व 32 मोबाइल ओप्पो कंपनी के बरामद हुए हैं।
कार्टूनों में से निकाल लेता था मोबाइल फोन : एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार का कहना है कि गिरोह का मास्टरमाइंड केशव कुमार एक्सप्रेस बीज लॉजिस्टिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड लॉजिस्टिक कंपनी में कंटेनर चालक के पद पर काम करता था। केशव अपने साथियों के साथ मिलकर कंटेनर को रास्ते में सुनसान स्थान पर रोकता था। इसके बाद कंटेनर की सील खोलकर अंदर उसमें रखे मोबाइल फोन के कार्टूनों से चिट हटाता था। इसके बाद वह अपने साथियों की मदद से कार्टूनों में से मोबाइल फोन निकाल लेता था। आरोपी इन मोबाइल फोन को दिल्ली-एनसीआर समेत अलग-अलग स्थानों पर ग्राहकों की मांग के अनुसार बाजार कीमत से कम दाम में बेचते थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान गिरोह के सदस्य जीतू और राकेश मौके से फरार हो गए।
एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्ण पाल सिंह का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों में केशव कुमार के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ बीटा-2 कोतवाली ने में मोबाइल चोरी का मौजूदा मामला दर्ज है।