ऑनलाइन निवेश के नाम पर तीन लोगों को फंसाया, 34.45 लाख रुपये की ठगी - टेलीग्राम ग्रुप और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिये बढ़ाया भरोसा, रकम निकालने के समय टैक्स और शुल्क के नाम पर भी वसूली
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ऑनलाइन ट्रेडिंग में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच तीन लोगों को भारी पड़ गया। साइबर जालसाजों ने अलग-अलग तरीकों से झांसा देकर तीन लोगों से करीब 34.45 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का पता चलने पर पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
टेलीग्राम ग्रुप में जोडक़र 5.28 लाख की ठगी :
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी कपिल के पास जालसाजों ने ट्रेडिंग विशेषज्ञ होने का दावा करते हुए संपर्क किया। संपर्क करने के बाद उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया। शुरुआत में कम रकम लगाने पर खाते में मुनाफा दिखाया गया। इससे कपिल को आरोपियों की बातों पर भरोसा हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने निवेश बढ़ाने के लिए उन्हें लगातार प्रेरित किया। जब उन्होंने अपनी मूल रकम वापस लेने की कोशिश की तो आरोपियों ने भुगतान के नाम पर नए-नए बहाने बनाए। पीडि़त के मुताबिक, उन्होंने कुल 5.28 लाख रुपये आरोपियों के बताए बैंक खातों में जमा कर दिए।
ट्रेडिंग में मुनाफे का भरोसा देकर 6.67 लाख उड़ाये
: दूसरी घटना ग्रेटर नोएडा के चिपियाना बुजुर्ग क्षेत्र में रहने वाले एक शख्स से हुई। जालसाजों ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर कम समय में अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। उनकी बातों में आकर अरविंद ने अलग-अलग खातों में फरवरी से मार्च 2026 के बीच कुल 6.67 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उन्होंने रकम वापस लेने की कोशिश की तो समस्या सामने आने लगी। ठगों की गतिविधि संदिग्ध लगने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत की।
22.50 लाख की साइबर ठगी : तीसरे मामले में नोएडा निवासी एक शख्स को जालसाजों ने निवेश पर अधिक रिटर्न देने का झांसा देकर अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करा ली। पीड़ित से कुल 22.50 लाख की ठगी की गई। रकम जाने के बाद जब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल 1930 पर शिकायत की। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने 14 से 19 अप्रैल 2026 तक उन्हें निवेश कराने का झांसा देते रहे।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि तीनों मामले में प्राथमिकी दर्ज है और बैंक खातों से लेकर अन्य जानकारी ली जा रही है।