- यमुना क्षेत्र में नहीं थम रहा अवैध मिट्टी खनन का काम, ग्रामीणों ने डीसीपी से की शिकायत
- रामपुर खादर में बेखौफ दौड़ रहे बिना नंबर के डंपर, रास्ते क्षतिग्रस्त और बिजली के खंभे टूटे
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर।
दनकौर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर खादर में यमुना नदी क्षेत्र से हो रहे कथित अवैध मिट्टी खनन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। शुक्रवार को मकनपुर बांगर और आसपास के दर्जनों ग्रामीणों ने डीसीपी ग्रेटर नोएडा से मुलाकात की। ग्रामीणों ने डीसीपी को एक लिखित शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि रामपुर खादर में पिछले कई दिनों से बड़े पैमाने पर अवैध मिट्टी खनन हो रहा है। इस काम में आधा दर्जन जेसीबी मशीनें और दर्जनों डंपर दिन-रात लगे हुए हैं। भारी डंपरों की लगातार आवाजाही के कारण गांव के रास्ते पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। मिट्टी से लदे एक तेज रफ्तार वाहन ने बिजली का खंभा भी तोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों को करीब दो दिनों तक बिना बिजली के अंधेरे में रहना पड़ा।
शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि खनन में लगे अधिकांश डंपरों पर नंबर प्लेट ही नहीं हैं। ये बिना नंबर वाले वाहन देर शाम से लेकर सुबह तक सड़कों पर तेज गति से दौड़ते हैं। इससे राहगीरों और ग्रामीणों की सुरक्षा पर हर समय खतरा मंडराता रहता है। उन्होंने डीसीपी से मांग की है कि पुलिसकर्मियों की मिलीभगत की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए।
ग्रामीणों ने अवैध खनन और रास्तों के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की है। खनन विभाग को साथ लेकर संयुक्त रूप से मौके का निरीक्षण कराया जाएगा। अवैध रूप से चल रहे वाहनों और खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-रवि शंकर निम, डीसीपी, ग्रेटर नोएडा