ग्रेटर नोएडा। ओमिक्रॉन-1 निवासी प्रोफेसर अवजीत सिंह ने अज्ञात एसयूवी चालक पर तेज रफ्तार से टक्कर मारकर फरार होने का आरोप लगाया है। बीटा-2 कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में प्रोफेसर ने बताया वह गलगोटिया कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में कार्यरत हैं। 31 जुलाई 2025 को शाम वह अपने कार्यस्थल से सुपरटेक सीजार सोसाइटी ओमिक्रॉन-1 स्थित आवास लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह वोको टेक कंपनी के पास कुछ देर के लिए रुके। तभी एक तेज रफ्तार एसयूवी ने पीछे से उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से उनकी गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। एसयूवी चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
मोबाइल टावर से उपकरण चोरी
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में मोबाइल टावर से आरआरयू उपकरण चोरी का मामला सामने आया है। एसजी एनकोन लिमिटेड कंपनी में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत प्रवेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी इंडस मोबाइल टावरों की देखरेख का कार्य करती है। कंपनी का एक टावर सेक्टर गामा स्थित करण गर्ल्स हॉस्टल की छत पर लगा हुआ है। 1 सितंबर 2025 की रात उन्हें सूचना मिली कि उस टावर का एक सेक्टर डाउन है। जब वह मौके पर पहुंचे और जांच की, तो पाया कि टावर से आरआयू और अन्य सहायक उपकरण अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।