- नोएडा एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी आग, 32 यात्री बाल-बाल बचे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-148 नोएडा मेट्रो स्टेशन के सामने चलती निजी स्लीपर बस में आग के मामले में नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। यात्रियों ने बताया कि बस चालक ने वाहन की जांच किए बिना उसे लेकर चलने लगा था। पुलिस की ओर से यात्रियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
वैसाली बिहार निवासी अरुण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उनके अन्य साथी दिल्ली के लाल किला से प्राइवेट बस में सवार होकर समस्तीपुर बिहार जा रहे थे। सभी यात्री त्योहार के लिए दिल्ली से कपड़े आदि खरीदकर घर लौट रहे थे। जैसे ही बस मेट्रो स्टेशन के सामने पहुंची, इंजन में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही सभी 32 सवारियां तुरंत जान बचाकर बाहर निकल गईं। इसके बाद सवारियों का सामान आग की चपेट में आकर जल गया। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। समस्तीपुर निवासी मोहम्मद नियाज के कपड़े और बच्चों के कपड़े समेत तीन नग सामान जला, जिसकी कीमत करीब 2.81 लाख रुपये है। वहीं अरुण कुमार की साड़ी, लहंगा और सूट सहित करीब 2 लाख रुपये का सामान जल गया। पीड़ितों ने सामान खरीद के बिलों की फोटो प्रति भी पुलिस को सौंपी है। वहीं पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।