गाय को पॉलीथीन में रोटी खिलाने से टोकने पर जूस विक्रेता को पीटा
-सेक्टर-49 बरौला की घटना, वायरल सीसीटीवी फुटेज पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में गाय को पॉलिथीन में रोटी खिलाने पर टोकने को लेकर विवाद हुआ। दो युवकों ने जूस विक्रेता लाल पासवान की पिटाई कर दी। सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। यह घटना शनिवार सुबह करीब 9 बजे बरौला गांव में हुई। लाल पासवान अपनी जूस की ठेली लगाते हैं। वह संतरे और अनार के छिलके एक कैरेट में जमा कर गायों को खाने के लिए देते थे। शनिवार सुबह गांव का राहुल वहां पहुंचा उसी कैरेट में पॉलिथीन समेत रोटी डालने लगा। लाल पासवान ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि विवाद बढ़ने पर राहुल ने जूस विक्रेता को थप्पड़ मारे। इसी दौरान गांव का प्रमोद दूध की डोलची लेकर आया और उससे हमला किया। दोनों ने लाल पासवान को जमीन पर गिराकर पीटा, जिससे उसे चोटें आईं।
वायरल वीडियो और पुलिस कार्रवाई : मारपीट की यह घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। 3 मिनट 55 सेकंड का यह वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस मौके पर पहुंची तो पहले समझौते की बात सामने आई, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया। एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम पर जांच कर रही है।