ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र के एच्छर गोल चक्कर पर सड़क हादसे में घायल हुए एक युवक का स्कूटी घटनास्थल से गायब हो गई। मथुरा के वृंदावन निवासी यश विश्नोई की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। तहरीर के अनुसार 17 सितंबर की रात यश अपने पिता पीयूष विश्नोई के नाम पंजीकृत होंडा एक्टिवा से जा रहे थे। एच्छर गोल चक्कर के पास स्पीड ब्रेकर दिखाई न देने से स्कूटर असंतुलित होकर गिर गया और वह घायल हो गए। उन्होंने स्कूटर मौके पर ही छोड़ दिया और एक व्यक्ति की मदद से इलाज के लिए पहुंचे। इलाज के बाद यश लौटे तो स्कूटी उस जगह नहीं मिली। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
बाइक टैक्सी चालक पर बदसलूकी का आरोप
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में उबर से बुक की गई बाइक के चालक पर युवती से अभद्रता और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगा है। गौड़ यमुना सिटी निवासी युवती की तहरीर पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को टैक्सी चालक सोमेंद्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। तहरीर के अनुसार युवती ने 28 अक्तूबर को उबर से बाइक राइड बुक की थी। आरोप है कि चालक ने तय रूट से हटकर ऑफ रूट राइड ले जाने की कोशिश की। अनुष्का ने मना किया तो उसने धक्का मारकर उन्हें बाइक से उतार दिया। इसके बाद चालक ने उनके सिर से हेलमेट खींच लिया और हाथ लगाने की कोशिश की। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।