- भाजपा नेताओं के साथ अभद्रता के आरोप में कार्रवाई होने की चर्चा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पुलिस कमिश्नर ने बृहस्पतिवार को कोतवाली फेज थ्री के प्रभारी निरीक्षक ध्रुवभूषण दुबे को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस अधिकारियों की तरफ से बताया जा रहा है कि आम लोगों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करने की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। हालांकि बताया जा रहा है कि भाजपा के कुछ नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ एसएचओ ने अभद्रता कर दी थी। इसके बाद भाजपा नेताओं ने इसकी शिकायत प्रभारी मंत्री से लेकर संगठन के उच्च पदाधिकारियों से की थी। हालांकि पुलिस के उच्च अधिकारियों ने इससे इनकार किया है। अभी इस थाने में किसी नए एसएचओ की तैनाती नहीं की गई है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात को भाजपा के एक जिला मंत्री का बेटा कार से जा रहा था और सेक्टर 71 में बाबा बालक नाथ मंदिर के पास पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। सभी भाजपा नेता के बेटे की कार की चेकिंग में हूटर पकड़ा गया तो पुलिस की टीम भाजपा नेता के बेटे को कार सहित थाने ले आई। चर्चा के मुताबिक जब इसकी जानकारी भाजपा नेता को लगी तब वह पार्टी के अन्य पदाधिकारी के साथ थाने पहुंचे तो वहां पर कोतवाली प्रभारी के साथ हॉट टॉक हो गई। बताया जाता है कि इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के एक विंग के जिला अध्यक्ष भी पहुंचे और उनके साथ भी कोतवाली प्रभारी ने अभद्रता कर दी। भाजपा नेताओं ने अपने संगठन के बड़े पदाधिकारी और प्रभारी मंत्री के संज्ञान में डाला। इसके बाद भाजपा के बड़े नेताओं ने पुलिस कमिश्नर तक मामला पहुंचा और इसके बाद कार्यवाही की गई। भाजपा नेताओं का कहना है कि कोतवाली प्रभारी पहले भी कई लोगों के साथ इस तरह की अभद्रता कर चुके हैं।