संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। यमुना सिटी के चपरगढ़ गांव में बिल्डर और खनन माफियाओं के जमीन पर कब्जे और अवैध खनन का विरोध करने पर पीड़ित किसानों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। किसी तरह जान बचाकर भागे किसानों ने जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह और पुलिस कमिश्नर समेत आलाधिकारियों को शिकायत देकर सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
पीड़ित किसान जगदीश, सतवीर, तेजवीर, बिंदर आदि का आरोप है कि चपरगढ़ गांव की जमीन पर एक बिल्डर काम कर रहा है। यह हिस्सा यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित भी नहीं किया गया है और राजस्व रिकॉर्ड में आज भी मूल किसानों के नाम दर्ज है। किसानों का कहना है कि उन्हें इस भूमि का कोई मुआवजा व अतिरिक्त मुआवजा नहीं मिला है, लेकिन इसके बावजूद बिल्डर ने पिछले 10 वर्षों से बिना कोई लीज रेंट दिए जमीन पर अवैध रूप से बैरिकेडिंग कर रखी है। किसानों ने शिकायत में बताया कि बिल्डर द्वारा खनन माफियाओं के साथ साठगांठ करके उनकी जमीन से यमुना रेत और मिट्टी का अवैध खनन धड़ल्ले से कराया जा रहा है। रविवार को जब पीड़ित किसान अपनी जमीन पर गए, तो पुलिस मौजूदगी के सामने ही उन पर हमला कर दिया।