(निक्की हत्याकांड)
- सोमवार को सीजेएम कोर्ट से मामला सत्र अदालत में हुआ ट्रांसफर
- मामला सत्र अदालत में ट्रांसफर होने के दौरान चारों आरोपी रहे मौजूद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सिरसा गांव में हुए निक्की हत्याकांड में चार्जशीट दाखिल होने के बाद आज मृतका निक्की भाटी के जेठ रोहित की जमानत याचिका पर अदालत में सुनवाई होगी। इससे पहले सोमवार को सीजेएम कोर्ट से मामला सत्र अदालत में ट्रांसफर किए जाने के दौरान चारों आरोपी मृतका का पति विपिन भाटी, सास दया, ससुर सत्वीर, जेठ रोहित मौजूद रहे।
निक्की हत्याकांड के मामले में 10 दिन पूर्व पुलिस की ओर से चार्जशीट सीजेएम कोर्ट में दाखिल की गई थी। मामले में आरोपी पक्ष के अधिवक्ता मनोज भाटी बोड़ाकी की ओर से मुख्य आरोपी विपिन भाटी के भाई रोहित भाटी के लिए जमानत के लिए पहली याचिका पिछले सप्ताह बुधवार को दायर की गई थी। अधिवक्ता का दावा है कि रोहित घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं था। पुलिस ने खुद आरोपपत्र में कॉल डिटेल रिकॉर्ड से सबूत पेश किए हैं कि रोहित घटना के समय कहीं और था। अदालत में सबूत पेश कर अपना पक्ष रखा जाएगा और बताया जाएगा कि रोहित को इस मामले में झूठा फंसाया गया है। रोहित के बाद उसकी मां, पिता और विपिन की जमानत अर्जी लगाई जाएगी। सत्र अदालत से जमानत नहीं मिली तो इलाहाबाद हाईकोट जाएंगे। वहीं इस मामले में निक्की की ओर से वरिष्ठ वकील उधम सिंह तोंगड़ ने बताया कि सोमवार को चारों आरोपी कोर्ट पहुंचे। यहां उनका मामला अब चार्जशीट दाखिल होने के बाद सत्र न्यायालय में ट्रांसफर कर दिया गया है।