अदालत से
ग्रेटर नोएडा। कंपनी के डाटा के दुरुपयोग के मामले में कारोबारी करणदीप सिंह को अदालत से राहत नहीं मिली है। अदालत ने उनकी आपराधिक निगरानी याचिका खारिज कर दी। करणदीप सिंह हिल नेचुरल एक्सट्रेक्ट एलएलपी के निदेशक हैं। उन्होंने सुबोध नेगी व अन्य के खिलाफ एफआईआर और पुलिस जांच की मांग की थी। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) गौतमबुद्धनगर ने 26 मई 2026 को इसे परिवाद के रूप में दर्ज करने का आदेश दिया था। करणदीप सिंह ने इस आदेश को चुनौती दी थी। उनका तर्क था कि डाटा दुरुपयोग से हुए नुकसान का आकलन पुलिस जांच के बिना संभव नहीं है। अदालत ने कहा कि मजिस्ट्रेट हर प्रार्थना पत्र पर एफआईआर दर्ज कराने को बाध्य नहीं है। वह इसे अपने न्यायिक विवेक से परिवाद के रूप में सुन सकता है। अदालत ने सीजेएम के आदेश को सही ठहराते हुए निगरानी याचिका खारिज कर दी।