युवती से छेड़छाड़ का आरोप, तीन युवकों पर प्राथमिकी माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। पड़ोस में रहने वाले युवक ने पहले युवती को कोल्डड्रिंक पीने के लिए बुलाया। मना करने पर कुछ देर बाद फोन कर छत पर बुला लिया और तीनों ने मिलकर युवती से छेड़छाड़ की। युवती किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर नीचे पहुंची और पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। मामला एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां किराये पर रहने वाली युवती फैक्टरी में काम करती है। उसके पड़ोस में शाहिद नाम का युवक रहता है। आरोप है कि बुधवार रात शाहिद अपने मकान की छत पर दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। उसने युवती को कोल्डड्रिंक पीने के लिए बुलाया, लेकिन उसने मना कर दिया और अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद शाहिद ने फोन कर उसे छत पर बुलाया। वहां शाहिद के दो दोस्त भी मौजूद थे। तीनों शराब पी रहे थे। आरोप है कि तीनों ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने शोर मचाया और किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर भागी। थाना प्रभारी अमित खारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर शाहिद समेत तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और शाहिद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।