- पांच दिन तक दबाए रखी बरामदगी की बात, एसओजी के छह पुलिसकर्मी निलंबित
, एसओजी के छह पुलिसकर्मी निलंबित- दिल्ली पुलिस के संपर्क करने पर खुला मामला, पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर डीसीपी ने की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। चोरी का ट्रक बरामद करने के बावजूद उसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक नहीं पहुंचाना फेज-2 थाने की एसओजी टीम के छह पुलिसकर्मियों को महंगा पड़ गया। टीम ने दिवाली से एक दिन पहले चोरी के सामान से लदा ट्रक पकड़ा था, लेकिन करीब पांच दिनों तक इस कार्रवाई की जानकारी पुलिस के आला अधिकारियों को नहीं दी। दिल्ली पुलिस की ओर से नोएडा पुलिस से संपर्क किए जाने के बाद मामला खुला। इस पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सख्त रुख अपनाया और उनके निर्देश पर सेंट्रल नोएडा के डीसीपी प्रवीण रंजन ने एसओजी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
कार्रवाई की जद में आने वालों में एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक विकास सिकरवार, मुख्य आरक्षी आशीष कुमार, मुख्य आरक्षी जुबेर रिजवी, आरक्षी भूदेव और आरक्षी आशू शामिल हैं। इन सभी पर आरोप है कि उन्होंने चोरी के ट्रक की बरामदगी और उससे जुड़े घटनाक्रम की जानकारी समय रहते वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी। पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को विभागीय अनुशासन और जवाबदेही के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
दिवाली से एक दिन पहले फेज-2 थाने की एसओजी टीम ने चोरी के सामान से भरा ट्रक पकड़ा था। छानबीन में पता चला कि ट्रक दिल्ली से चोरी किया गया था। इस संबंध में दिल्ली के स्थानीय थाने में प्राथमिकी भी दर्ज थी। इसके बावजूद टीम ने बरामदगी की सूचना न तो अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी और न ही पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया। प्रकरण तब सामने आया, जब दिल्ली पुलिस ने चोरी हुए ट्रक की बरामदगी के संबंध में नोएडा पुलिस के अधिकारियों से जानकारी मांगी। दिल्ली पुलिस के संपर्क करने पर अधिकारियों को पता चला कि ट्रक फेज-2 थाने की एसओजी टीम ने बरामद किया है। इसके बाद टीम की ओर से सूचना छिपाए जाने का मामला सामने आया। जोन के डीसीपी ने पूरे घटनाक्रम से पुलिस कमिश्नर को अवगत कराया। डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है और इनकी जांच की जा रही है।
साइबर थाने के चार पुलिसकर्मी भी हो चुके हैं निलंबित : उच्चाधिकारियों को बिना जानकारी दिए कार्रवाई करने के मामले में पुलिस कमिश्नरेट में पहले भी निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। हाल ही में बिना वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए दबिश देने के मामले में साइबर थाने के प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। अब चोरी के ट्रक की बरामदगी की जानकारी पांच दिन तक छिपाने के मामले में छह पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई से साफ है कि पुलिस कमिश्नरेट में कार्रवाई और बरामदगी की सूचना निर्धारित वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने में लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है।