फैक्ट्रीकर्मी और युवक से मोबाइल छीनकर भागे बाइक सवार
- बरौला टी-प्वाइंट और सेक्टर-75 में वारदात, धक्का लगने से फैक्ट्रीकर्मी सडक़ पर गिरा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बाइक सवार बदमाशों ने दो लोगों को निशाना बनाकर अलग अलग इलाके से मोबाइल फोन छीन लिए। दोनों वारदात में आरोपी एक ही तरीके से बाइक पर आए और फोन पर बात कर रहे लोगों के हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। बरौला टी-प्वाइंट पर हुई घटना में धक्का लगने से फैक्ट्रीकर्मी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।
सलारपुर गांव निवासी विजय एक नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे फैक्टरी जा रहे थे। रास्ते में परिचित का फोन आने पर वह मोबाइल पर बात करने लगे। इसी दौरान काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाश पहुंचे और उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया। अचानक धक्का लगने से विजय सड़क पर गिर गए। उनके हाथ-पैर में खरोंच आईं। वारदात के बाद बदमाश हाजीपुर की ओर भाग निकले।
दूसरी घटना सेक्टर-75 में डेसनेक बुर्ज सोसाइटी के सामने हुई। राहुल कुमार तिवारी के मुताबिक, 10 नवंबर की शाम करीब चार बजे वह पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान परिचित का फोन आने पर बात करने लगे। तभी बाइक सवार दो बदमाशों में पीछे बैठे आरोपी ने उनका मोबाइल छीन लिया और पंचशील प्रतिष्ठा सोसाइटी की ओर फरार हो गया। एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज की है और बदमाशों की पहचान की जा रही है।