नोएडा (संवाद)। पर्थला में जन्मदिन की पार्टी के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। कुछ अज्ञात युवकों ने चार दोस्तों के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की और उनकी कार में तोड़फोड़ की। पीड़ित विवेक बरौला ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि वह रविवार रात करीब 12 बजे अपने भाई अनमोल और दोस्तों सिंटू प्रजापति व आदित्य चौहान के साथ जन्मदिन मनाने गए थे। वहां कुछ अज्ञात युवकों से किसी बात पर विवाद हो गया। आरोपियों ने उनसे मारपीट की और कार क्षतिग्रस्त कर दी। पीड़ित ने भागते समय उनकी गाड़ी का नंबर नोट कर लिया था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।