मोरिंगा पाउडर की ऑनलाइन डील में महिला से 8.30 लाख की ठगी
- सामान देने का भरोसा देकर खाते में कराया भुगतान, रकम लेने के बाद मोबाइल बंद किया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ऑनलाइन कारोबार के लिए मोरिंगा पाउडर खरीदने की कोशिश कर रही एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। सप्लायर बनकर संपर्क करने वाले जालसाज ने सामान भेजने का भरोसा देकर महिला से 8.30 लाख रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। भुगतान के बाद आरोपी ने सामान नहीं भेजा। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि वह ऑनलाइन कारोबार करती हैं। कारोबार के लिए उन्हें मोरिंगा पाउडर की जरूरत थी। इसी सिलसिले में 2 जुलाई को उनकी भारत सिंह नाम के व्यक्ति से बातचीत हुई। आरोपी ने खुद को मोरिंगा पाउडर का सप्लायर बताते हुए पर्याप्त मात्रा में सामान उपलब्ध कराने की बात कही। उसकी बातों पर भरोसा कर महिला ने बताए गए बैंक खाते में कुल 8.30 लाख रुपये भेज दिए। रकम ट्रांसफर होने के बाद निर्धारित समय बीतने के बाद भी जब सप्लाई नहीं हुई तो उन्होंने भारत सिंह से संपर्क किया। शुरुआत में आरोपी बातचीत करता रहा और सामान भेजने की बात कहता रहा। बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। महिला ने ठगी का पता चलने पर लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, बैंक ट्रांजेक्शन का विवरण और आरोपी से हुई बातचीत के साक्ष्य के साथ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत की। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपी के बैंक खाते और लेनदेन की जांच की जा रही है।