-गर्भावस्था के दौरान मारपीट से नवजात की मौत और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-22 चौड़ा रघुनाथपुर में दहेज की मांग और मारपीट का मामला सामने आया है। शगुन शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका विवाह शिवम शर्मा के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही आरोपी पति और ससुर ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वर्ष 2009 में गर्भावस्था के दौरान उनके साथ मारपीट की गई जिससे जन्म के कुछ ही दिनों बाद उनकी नवजात बच्ची का निधन हो गया। वर्ष 2016 में दूसरी बेटी के जन्म पर भी बेटा न होने का ताना देकर उन्हें लगातार प्रताड़ित और अपमानित किया गया। वर्ष 2020 से आरोपी पति ने पीड़िता पर उनके माता-पिता की संपूर्ण पैतृक संपत्ति अपने नाम करवाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि मंगलवार को उन्हें फिर से पीटा गया और धमकी दी गई कि यदि तीन महीने के भीतर पैतृक संपत्ति उनके नाम नहीं की, तो जान से मार दिया जाएगा। थाना प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
घरेलू विवाद के दौरान पत्नी को पीटा : सेक्टर-78 स्थित महागुन मॉडर्न सोसाइटी के इटर्निया टावर में रहने वाली रुचि रावत ने पुलिस को दी प्राथमिकी में बताया कि उनकी शादी करीब 20 साल पहले विहाग रावत के साथ हुई थी। उनका एक 13 साल का बेटा भी है। पीड़िता का आरोप है कि बीते 20 वर्षों से उनके पति छोटी-छोटी घरेलू बातों को लेकर उनके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करते आ रहे हैं। आरोप है कि 7 अगस्त 2026 को घरेलू विवाद के दौरान आरोपी विहाग रावत ने उनके साथ मारपीट की और पीड़िता को जबरन घर से बाहर निकाल दिया। सेक्टर-113 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।