नोएडा। सेक्टर-85 स्थित एक कार्यालय परिसर में घुसकर दबंगों ने चालक के साथ मारपीट की और परिसर में खड़े वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। कोतवाली फेज टू पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, गेझा तिलपताबाद गांव निवासी अभिषेक अवाना का सेक्टर-85 में औषधि पार्क के निकट एक भूखंड और कार्यालय है। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रक और जेसीबी मशीनें खड़ी रहती हैं।
आरोप है कि 10 जुलाई की शाम फॉर्च्यूनर और ब्रेजा कार से आए कई लोग कार्यालय परिसर में घुस आए। उन्होंने वहां मौजूद चालक हरवीर के साथ अभद्रता करते हुए बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने परिसर में खड़ी जेसीबी मशीन और एक कार में तोडफ़ोड़ कर नुकसान पहुंचाया। सीसीटीवी फुटेज में कुछ आरोपियों की पहचान बरौला गांव निवासी लवली बैसोया, सागर भाटी और विक्की नागर के रूप में हुई है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।