नोएडा। कोतवाली सेक्टर-58 क्षेत्र में एक कारोबारी पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, साहिबाबाद निवासी निकिता अग्रवाल ने शिकायत की है कि उनके पति हैपी गुप्ता 14 जुलाई की तड़के सेक्टर-60 स्थित मिंडा कंपनी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो कारों में सवार लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि पहले कुछ देर तक बातचीत की गई, फिर दूसरी कार से उतरे एक व्यक्ति ने लोहे के डंडे से उनके पति के सिर पर कई वार कर दिए। हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल कारोबारी को सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। शिकायत के मुताबिक, अस्पताल में बेहोशी की हालत के बीच पीड़ित ने हमलावरों में से एक की पहचान अजय यादव के रूप में की थी। बाद में उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो