-दोस्त की बारात में आए फरार आरोपी ने फायरिंग के लिए दोस्त को दी पिता की लाइसेंसी पिस्टल
-फायरिंग के दौरान बच्चे को लगी थी गोली, जारचा कोतवाली पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा/दादरी। जारचा कोतवाली क्षेत्र के नगला चमरू गांव में बारात चढ़त के दौरान फायरिंग से छात्र के घायल होने के मामले में पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव जावली थाना टीला मोड़ गाजियाबाद के अभिषेक (27) व ईशू कसाना (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल एक लाइसेंसी पिस्टल, कारतूस, एक तमंचा बरामद किया है।
जारचा कोतवाली क्षेत्र के नंगला चमरू गांव में सतीश परिवार के रहते हैं। उनकी दो बेटियों की बारात रविवार को ग्रेटर नोएडा के खैरपुर गांव से आई थी। बारात में चढ़त के दौरान बाराती नाच रहे थे। नाचने के दौरान दो युवक हाथ में पिस्तौल लेकर नाच रहे थे। नाचते हुए हर्ष फायरिंग की गई। गांव के सुनील का 12 वर्षीय पुत्र कृष बारात देख रहा था। इस दौरान उसके सिर में गोली लग गई। जिससे वह जमीन पर गिरकर खून से लथपथ हो गया। बच्चे को गोली लगने के बाद भगदड़ मच गई। घायल को तत्काल उपचार के लिए पहले अशोक फिर नवीन अस्पताल ले जाया गया। जहां पर हालत बिगड़ती देख उसे ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित कैलाश अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। यहां आईसीयू में भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है। घटना की रिपोर्ट घायल छात्र के पिता ने कोतवाली में दर्ज कराई थी। घटना के बाद से गांव में तनाव के मद्देनजर निगरानी के लिए पुलिस की बल की तैनाती की गई है।
पुलिस के अनुसार घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल निक्की नामक युवक अपने साथ विवाह समारोह में लाया था। यह पिस्टल निक्की के पिता अमर सिंह के नाम पर है। निक्की ने यह पिस्टल फायरिंग के लिए आरोपी अभिषेक को दी थी। अभिषेक द्वारा की गई फायरिंग के दौरान ही बच्चे को गोली लगी। आरोपी निक्की की तलाश की जा रही है। अभिषेक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। जिसमें टीला मोड़ थाना क्षेत्र में तीन मुकदमे दर्ज हैं। एसीपी अजीत कुमार का कहना है कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पिस्टल, तमंचा और कारतूस बरामद किया है। गाजियाबाद के गढ़ी सिरोरा गांव निवासी अमर सिंह रिटायर्ड फौजी हैं। उन्हीं के नाम पिस्टल का लाइसेंस है।
परिजन का रो-रोकर बुरा हालः
बच्चे की हालत में सुधार हो रहा है। डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया है। उसकी हालत में डॉक्टरों ने सुधार बताया है। गिरफ्तार आरोपी प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। वहीं फरार आरोपी निक्की घर पर रहता है। पुलिस की ओर से इस बात की जांच की जा रही है कि आरोपियों के पास से जो तमंचा बरामद हुआ वह उसे कहां से खरीदकर लाए थे। घायल कृष गांव के ही प्राइमरी स्कूल में कक्षा सातवीं का छात्र है। पिता शादी समारोह में खाना बनाने का काम करते हैं। कृष की मां गृहणी है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन का कहना है कि अबतक के इलाज में जो भी खर्च हो रहा है उसे सतीश परिवार वाले वहन कर रहे हैं।
पहले भी हो चुकी हैं फायरिंग की घटनाएंः
16 फरवरी 2025 को सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के अगाहपुर गांव में आई एक बारात के दौरान हुई फायरिंग में ढाई साल के बच्चे के सिर में गोली लग गई थी।
-5 दिसंबर 2024 को सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के सोरखा गांव स्थित बैंक्वेट हाल में शादी समारोह में बीबीए छात्र ने फायरिंग की थी।
-29 फरवरी 2024 को थाना रबूपुरा के खेरली भाउ गांव में शादी समारोह में फायरिंग होने से एक युवक घायल हो गया था।
-22 अप्रैल 2023 को जेवर क्षेत्र के जहांगीरपुर में बच्चे के नामकरण संस्कार में फायरिंग से सीने में गोली लगने से रिश्तेदारी में आए व्यक्ति की मौत हो गई थी।