- शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप, परिजन के तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की, जेवर कोतवाली का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी।
जेवर कोतवाली क्षेत्र के झाझर रोड पर रामनेर व किशोरपुर रजवाहे के पास सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पीड़ित के परिजन ने उसे पास के ही एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
तहरीर के अनुसार, बनवारीवास निवासी रोहित व उनका पुत्र रामकिशन शनिवार की शाम बाइक से जेवर से घर लौट रहे थे। आरोप है कि किशोरपुर निवासी कार चालक पृथ्वी सिंह ने शराब के नशे में लापरवाही से ओवरटेक करते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रोहित के दोनों पैर और रोहित पुत्र रामकिशन का दायां पैर टूट गया। दोनों घायलों को जेवर के एक निजी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जेवर कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।