-टेक महिंद्रा में कार्यरत था मृतक, परिजनों के मुताबिक अवसाद से जूझ रहा था
-सुबह छह बजे की घटना, मौके पर ही हुई मौत, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित ऐस डिविनो सोसाइटी में शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति ने 12वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार (36) के रूप में हुई है। वह टेक महिंद्रा कंपनी में नौकरी करता था और सोसाइटी में पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहता था। परिजनों के मुताबिक वह पिछले कुछ समय से अवसाद से जूझ रहा था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे ऐस डिविनो सोसाइटी में एक व्यक्ति के ऊंचाई से गिरने की सूचना पीआरवी-112 के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि अनिल कुमार ने सोसाइटी की 12वीं मंजिल से छलांग लगा दी थी। ऊंचाई से गिरने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अनिल कुमार मूलरूप से मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर गांव के रहने वाले थे। वह नौकरी के सिलसिले में ग्रेटर नोएडा में परिवार के साथ रह रहे थे।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अनिल कुमार अवसाद में चल रहे थे। आशंका है कि उन्होंने सोसाइटी के फ्लैट की बालकनी से छलांग लगाई होगी। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह का कहना है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।