- बिसरख कोतवाली पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस, 2500 रुपये और बिना नंबर की बाइक भी की बरामद
- गिरोह में शामिल एक आरोपी लूट के मोबाइल खरीदकर दूसरे राज्यों में करता था सप्लाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने मोबाइल फोन और चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छीने गए एक आईफोन-18 प्रो सहित पांच मोबाइल फोन, दो तमंचे और दो कारतूस, 2500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद हुई है। आरोपी बिसरख क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर राहगीरों से मोबाइल छीनते थे।
एसीपी सेंट्रल नोएडा कृष्णकांत का कहना है कि शुक्रवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से सलमान उर्फ सुहैल, अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू और नईम को छह प्रतिशत एरिया पार्क के पास से गिरफ्तार किया गया। सलमान और अजाज बुलंदशहर के रहने वाले हैं। जबकि नईम मूल रूप से गाजियाबाद का रहने वाला है। दोनों सुनसान रास्तों पर राहगीरों और ई-रिक्शा में बैठे लोगों को निशाना बनाते थे। सलमान करीब तीन साल तक नोएडा में ऑटो चलाता था, इसलिए उसे क्षेत्र के रास्तों की जानकारी थी। दोनों आरोपी छीने गए मोबाइल नईम को बेचते थे। नईम इन्हें खरीदकर बंगाल और बिहार में सप्लाई करता था। आरोपियाें के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य घटनाओं और उनके नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
नया वाला आईफोन की बात पूछकर छीना था फोन : आरोपियों ने 21 सितंबर को चेरी काउंटी सोसाइटी के पास से ई-रिक्शा पर बैठी महिला से उसका नया आईफोन 18 प्रो मोबाइल फोन झपट लिया था। महिला अपने घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थीं और ई-रिक्शा का ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए मोबाइल निकाल रही थीं। तभी बदमाशों ने शातिराना अंदाज में पहले युवती से रास्ता पूछा। फिर महिला से पूछा कि क्या यह नया वाला आईफोन है। इसके बाद तुरंत मोबाइल झपट कर फरार हो गए थे। महिला ने तीन दिन पहले ही आईफोन-18 प्रो खरीदा था।